कानपुर पहुंचे राष्ट्रपति कोविंद, राज्यपाल ने किया स्वागत

1 Min Read

कानपुर: राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद शुक्रवार को अपनी कर्मभूमि कानपुर पहुंचे। चकेरी एयरपोर्ट पर उनका स्वागत उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने किया। यहां से राष्ट्रपति अपने पैतृक गांव परौंख के लिए रवाना हो गये। परौंख में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ कार्यक्रम में भाग लेंगे।

राष्ट्रपति कोविंद दो दिवसीय दौरे पर कानपुर पहुंचे। पहले दिन उनका कार्यक्रम कानपुर देहात स्थित परौंख गांव में है जो उनका पैतृक गांव है। राष्ट्रपति कोविंद पत्नी सविता कोविंद के साथ दिल्ली से चकेरी एयरपोर्ट पर विशेष विमान से पहुंचे। उनके स्वागत के लिए राज्यपाल पटेल और विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सबसे पहले राज्यपाल ने राष्ट्रपति का स्वागत किया। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, शहर की महापौर प्रमिला पांडेय ने राष्ट्रपति और देश की पहली महिला सविता कोविंद का स्वागत किया। सांसद सत्यदेव पचौरी और अकबरपुर सांसद देवेन्द्र सिंह भोले ने भी राष्ट्रपति से शिष्टाचार भेंट की। इसके बाद राष्ट्रपति विमान से अपने पैतृक गांव परौंख के लिए रवाना हो गये। उनके साथ राज्यपाल भी परौंख के लिए रवाना हो गईं।

Share This Article
Leave a comment